Maharajganj News : महराजगंज में शर्मनाक घटना, जमीन के पैसों के लिए बेटे ने पिता को पीटा
18-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के खुशहालनगर गांव में जमीन बिक्री से मिले रुपयों को लेकर हुए विवाद में नशे में एक युवक ने अपने पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित हरिनारायण ने कुछ समय पहले अपने जमीन का एक हिस्सा बेचा था। बताया जा रहा है कि आरोपी पुत्र नर्सिंग, नशे का आदी है। सोमवार को उसी बिक्री से प्राप्त रुपयों की मांग वह अपने पिता से कर रहा था। पिता ने जब रुपये देने से इन्कार कर दिया तो आरोपी नर्सिंग का पिता हरिनारायण के साथ विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पुत्र ने पिता पर हमला कर दिया। पीड़ित पिता की सूचना पर मंगलवार को पहुंची घुघली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पुत्र को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने आरोपी पुत्र नर्सिंग के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसका चालान कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी को जमानत मिल गई है।
इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक होने पर अन्य धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी।