Maharajganj News : प्रेम प्रसंग में टूटा था दिल ! चारपाई पर सो रहे पिता की कर दी निर्मम हत्या
18-Jun-2026
Total Views |
गोरखपुर। गोरखपुर में शादी नहीं होने से परेशान युवक ने पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, उसने पिता के सिर पर ताबड़तोड़ 12 वार किए। वारदात उस समय हुई जब पिता घर के बाहर चारपाई पर गहरी नींद में सो रहे थे। सिर और गर्दन पर लगातार कई वार किए जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अयोध्या जंगल प्रसाद गांव के निवासी ब्रह्मदेव कन्नौजिया (55) रात में भोजन करने के बाद घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब दो से ढाई बजे के बीच उनके छोटे बेटे गोलू कन्नौजिया ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने सिर और गर्दन पर लगातार कई वार किए, जिससे ब्रह्मदेव की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद वह घर की छत पर चढ़ गया और चिल्लाने लगा, जिससे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। खून से लथपथ हालत में ब्रह्मदेव को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। रात करीब तीन बजे प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार गोलू कन्नौजिया दो भाइयों में छोटा है। गांव की एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग था। कुछ समय पहले युवती की शादी अन्यत्र हो जाने के बाद वह काफी तनाव में रहने लगा था। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बाद उसका व्यवहार भी असामान्य हो गया था।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब छह माह पहले गोलू की मां का भी निधन हो गया था। इस घटना के बाद वह काफी गुमसुम और अकेला रहने लगा था। हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और घटना के कारणों की जांच पड़ताल की जा रही है।