Gorakhpur News : अभी नहीं मिलेगी राहत! अगले 5 दिन झेलनी पड़ सकती है भीषण गर्मी

    19-Jun-2026
Total Views |

गोरखपुर।
मानसून की दस्तक में देरी का असर अब पूर्वांचल के मौसम पर साफ दिखाई देने लगा है। गुरुवार को भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। पारा चढ़कर 41 डिग्री के करीब पहुंच गया। झुलसा देने वाली तेज धूप ने लोगों को बेहाल रखा। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले पांच दिनों तक भी लू जैसे हालात बने रहेंगे।

गुरुवार को तापमान अधिकतम 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 28.4 रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। करीब तीन हफ्ते बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा। इससे पहले 25 मई को तापमान 40.6 डिग्री रहा था।


मौसम विभाग का अनुमान है कि, तापमान में अगले पांच दिनों में क्रमिक वृद्धि हो सकती है। इस वजह से लू की स्थिति रह सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून की अनूकुल परिस्थितियां अभी नहीं बन पा रही हैं। मौसम विज्ञान विभाग के सहायक वैज्ञानिक टीबी सिंह ने बताया कि 19 को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। हालांकि, इससे तापमान पर असर नहीं पड़ेगा।