Maharajganj News : हजारों पूर्व सैनिकों की परेशानी का निकलेगा हल, शुरू होगी विशेष बस सेवा

    19-Jun-2026
Total Views |

नौतनवा। नौतनवा नगर स्थित गोरखा भूतपूर्व सैनिक स्कूल में गुरुवार को भारतीय सेना से सेवानिवृत्त भारत और नेपाल के पूर्व सैनिकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर समस्याओं के समाधान और भारतीय सेना से जुड़े पूर्व सैनिकों का एक संगठन बनाने का निर्णय लिया गया।

गोरखा भूतपूर्व सैनिक कल्याण समिति नौतनवा के अध्यक्ष नर बहादुर राना एवं संयुक्त भूतपूर्व सैनिक कार्य समिति नेपाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भेष शंकर पूरी की उपस्थिति में यह आयोजन किया गया। इस दौरान अध्यक्ष नर बहादुर राना ने कहा कि कैंटीन का सामान नेपाल में ले जाने के दौरान रोका-टोकी होने के कारण नेपाल में रहने वाले भारतीय सेना के करीब पांच हजार पूर्व सैनिकों एवं शहीद सैनिकों के आश्रितों को कैंटीन की सुविधाओं के लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।


यह पूर्व सैनिकों के साथ अन्याय है। इसका समाधान निकालने के लिए जीआरडी कुनरा घाट के सेनानायक की पहल पर अगले माह से गोरखपुर से सोनौली सीमा तक एक विशेष बस की निःशुल्क सेवा शुरू कराई जा रही है, जो कैंटीन का सामान लेकर सीधे सीमा तक पहुंचाएगी।

साथ ही दोनों देशों के पूर्व सैनिकों को किसी तरह की समस्या न हो इसके लिए भारतीय सेना में अपनी सेवा दे चुके भारत और नेपाल के रहने वाले पूर्व सैनिकों का एक संगठन बनाने का भी निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि अगले माह नेपाल में आयोजित बैठक के दौरान ही समिति का गठन किया जाएगा। इस दौरान मोहन थापा, डमर बहादुर गुरुंग, रामकुमार थापा व अन्य मौजूद रहे।