Maharajganj News : विदेश भेजने के नाम पर चल रहा था खेल? इस ट्रेनिंग सेंटर पर पुलिस का छापा, मचा हड़कंप
19-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। विदेश में नौकरी दिलाने और युवाओं को बाहर भेजने के नाम पर संचालित एक कथित ट्रेनिंग सेंटर पर गुरुवार शाम पुलिस ने छापेमारी की। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के गोरखपुर रोड स्थित सतभरिया गांव के पास हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकुर कुमार गौतम के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने सेंटर की जांच की। मौके पर सेंटर में कुछ युवक-युवतियां फाइल, रजिस्टर और कम्प्यूटर पर काम करते मिले जबकि पुलिस के पहुँचते ही सेंटर से जुड़े अन्य जिम्मेदार मौके से खिसक लिए। पुलिस तीन लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सेंटर में बेरोजगार युवकों को विदेश भेजने के नाम पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आरोप है कि प्रशिक्षण के बाद युवकों को विदेश भेजने के लिए वीजा और विदेश में नौकरी का आश्वासन भी दिया जाता था। हालांकि सेंटर की वैधता और गतिविधियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
सीओ सदर अंकुर कुमार गौतम ने बताया कि सेंटर की वैधता के लिए पूछताछ जारी है। जांच के बाद ही ही स्पष्ट रूप से कुछ बताया जा सकेगा। फ़िलहाल सतभरिया स्थित सेंटर की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सेंटर कानूनी रूप से संचालित हो रहा था या फिर विदेश भेजने के नाम पर युवाओं को गुहार किया जा रहा था।