Maharajganj News : जेसीबी पहुंची तो मच गया हड़कंप, मकान बचाने की गुहार लेकर प्रशासन के दरवाजे पहुंचे लोग

    19-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
सिसवा बाजार नगर पालिका क्षेत्र के इंदिरा नगर (असमन छपरा) स्थित काली मंदिर परिसर में बने एक आवास को हटाए जाने की आशंका को लेकर शुक्रवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मकान ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की सूचना मिलने ही पीड़ित परिवार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जिलाधिकारी के कार्यालय पहुंचे।

पीड़ित परिवार ने नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के अधिकारियों व कर्मचारियों पर बिना पूर्व सूचना जेसीबी मशीन के साथ पहुंचकर मकान गिराने का प्रयास करने का आरोप लगाया तथा कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। अपना घर बचाने की गुहार लगाई और कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई।


पीड़ित रामसमुझ ने जिलाधिकारी से भावुक अपील करते हुए कहा कि हमारा घर बचाइए साहब। हम बेघर हो जाएंगे, यह मकान ही हमारे परिवार का एकमात्र आशियाना है। उन्होंने बताया कि उनके पूर्वजों ने कच्चे-पक्के मकान में परिवार लंबे समय से निवास कर रहा है और उनके पास रहने के लिए कोई दूसरी व्यवस्था नहीं है।

उनका कहना है कि मकान टूटने की स्थिति में पूरा परिवार बेघर हो जाएगा। रामसमुझ आरोप लगाया कि 18 जून को नगर पालिका के कर्मचारी जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और मकान गिराने की तैयारी शुरू कर दी। उसी दौरान मोहल्ले में एक वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था, जिससे बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद कर्मचारी वापस लौट गए, लेकिन दोबारा कार्रवाई करने की चेतावनी देकर चले गए।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामले से संबंधित जानकारी नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को भी दी गई, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। मोहल्ले के सुग्रीव चौहान, सोमनाथ, राकेश, रामकेवल, दुर्गा, साहिल, अशोक, अंत, पूर्णवासी, प्रदीप सिंह और ध्रुव नारायण आदि ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर रोक लगाने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

अब लोगों की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है। सवाल यह है कि क्या परिवार का आशियाना बच पाएगा या नगर पालिका की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।