Tale Fall In Maharajganj : नेपाल सीमा पर छिपा है 'मिनी बीच', जहां गंडक की लहरों संग दिखते हैं पहाड़ों के अद्भुत नज़ारे
19-Jun-2026
Total Views |
Tale Fall In Maharajganj : यूपी के अंतिम छोर पर बेस महराजगंज जिले की सीमाएं नेपाल से सटी हुई हैं। यह जिला अपनी खास भौगोलिक स्थिति और खूबसूरत पर्यटन स्थलों के लिए जाना जाता है। इन्हीं में से एक जगह है ‘टेल फाल’ (Tale Fall), जो निचलौल क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा के करीब स्थित एक मनमोहक पर्यटन स्थल है। अपनी सुंदरता और शांत माहौल की वजह से यह जगह इन दिनों सैलानियों के बीच तेजी से फेमस हो रही है। यहां की हरियाली प्रकृति प्रेमियों का दिल जीत लेती हैं।
टेल फाल पहुंचते ही पर्यटकों को ऐसा एहसास होता है मानो वे किसी समुद्री तट या बीच पर आ गए हों। यहां से नेपाल के ऊंचे पहाड़ों का नजारा साफ दिखाई देता है, जो यहां का सबसे बड़ा आकर्षण है।
महराजगंज के निचलौल क्षेत्र में पड़ने वाला टेल फाल गर्मियों के मौसम में किसी वरदान से कम नहीं है। गर्मियों के मौसम में यहां लोगों की भीड़ बढ़ जाती है, जो शहरों की भागदौड़ और गर्मी से राहत पाने के लिए यहां पहुंचते हैं। दूर-दूर तक फैली हरियाली, सामने बहती गंडक नदी और खुला आसमान पर्यटकों को अपनी ओर खींच लेता है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग घूमने और पिकनिक मनाने यहां आते हैं।
टेल फाल की प्राकृतिक सुंदरता सोशल मीडिया प्रेमियों को भी खूब आकर्षित कर रही है। नदी किनारे बैठकर फोटो खिंचवाना और रील्स बनाना युवाओं की पहली पसंद बन गया है।
टेल फाल आने वाले लोगों के लिए सबसे रोमांचक अनुभव यहां की नाव की सवारी है। स्थानीय नाविकों की मदद से पर्यटक गंडक नदी की सैर करते हैं, जहां से जंगलों और नेपाल की वादियों का नजारा और भी शानदार दिखता है। खासकर सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहां का नजारा देखते ही बनता है।
टेल फाल से कुछ ही दूरी पर स्थित 'दर्जनिया मगरमच्छ संरक्षण केंद्र' वन्यजीव प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। गंडक नदी का बहता पानी, नेपाल के पहाड़ों का नजारा, घने जंगल और नाव की सैर ये सब मिलकर टेल फाल को और भी खूबसूरत बनाते है। यदि आप प्रकृति के करीब कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो टेल फाल आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है।