Maharajganj News : नेपाल बॉर्डर पर हाई अलर्ट! आतंकी मॉड्यूल के खुलासे के बाद बढ़ी चौकसी, हर आने-जाने वाले की हो रही जांच
02-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने हाल ही में एक पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में देश के विभिन्न स्थानों से 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इस खुलासे के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
खुफिया एजेंसियों की जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क नेपाल के जरिए आतंकियों को फंडिंग और अन्य सहायता पहुंचाने में सक्रिय था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और खुफिया एजेंसियों ने संदिग्धों के ठिकानों से ग्रेनेड सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है।
खुफिया इनपुट्स के अनुसार, इस मॉड्यूल से जुड़े फरार संदिग्धों के खुली सीमा का लाभ उठाकर नेपाल भागने या भारत में घुसपैठ करने की आशंका है। इसी आशंका के मद्देनजर सीमा पर चौकसी बढ़ाई गई है।
महराजगंज जनपद से सटी 84 किलोमीटर लंबी भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां भी इस इनपुट के बाद सतर्क हो गई हैं। नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले प्रत्येक नागरिक की सघन तलाशी ली जा रही है और उनके सामानों की जांच की जा रही है।
सुरक्षा जांच में डॉग स्क्वाड की भी मदद ली जा रही है। सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सीसीटीवी कैमरों से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। मुख्य नाकों के साथ-साथ पगडंडियों पर भी सुरक्षाकर्मी मुस्तैद हैं।
नेपाल सीमा से सटे होटलों और सरायों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी देश विरोधी तत्व इस खुली सीमा का फायदा उठाकर भारत में प्रवेश न कर सके।