Maharajganj News : कंप्यूटर क्लास से लौट रही महिला को पति ने बीच रास्ते रोका, फिर हुआ ऐसा...
02-Jun-2026
Total Views |
नौतनवा। जिले के नौतनवा कस्बे में एक महिला ने अपने पति पर रास्ते में रोककर धमकाने और चाकू के बल पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद सहमी महिला ने थाने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी।
पीड़िता के अनुसार, उनके और उनके पति के बीच न्यायालय में एक मामला विचाराधीन है। पति द्वारा आए दिन मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जाता है। आरोप है कि सोमवार की शाम करीब 6 बजे वह कंप्यूटर क्लास से वापस घर लौट रही थी कि रास्ते में ही महिला के पति ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ उन्हें रोक लिया और मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगा।
महिला का कहना है कि जब वह उसकी बातों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ी तो उसने अपनी बाइक में रखी एक चाकू निकाल ली और जानमाल की धमकी देने लगा। महिला ने तत्काल डायल 112 पर फोन घुमाया, इतने में उसका पति मौके से भाग निकला। घटना के बाद महिला ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि मामले की जांच करते हुए सत्यता के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।