Maharajganj News : एक हफ्ते से शाम होते ही घरों में कैद हो रहे लोग, वजह जानते हैं ?
02-Jun-2026
Total Views |
नौतनवा। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की उत्तरी चौक रेंज के जंगल से सटे चकदह गांव के महुलैना टोले के पास पिछले एक सप्ताह से तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही है। इससे ग्रामीणों में दहशत है।
जानकारी के अनुसार, उत्तरी चौक रेंज के जंगल के किनारे बसे गांव चकदह के महुलैना टोले के पास जंगल में एक सप्ताह से तेंदुआ कई बार लोगों को दिख चुका है। इससे ग्रामीण डरे हुए हैं। ग्रामीण अवतारी देवी, हरीराम ध्रुप, शिवनाथ, मोतीलाल, महेश, बहादुर, छोटेलाल आदि लोगों का कहना है कि तेंदुए के हमले से कई लोगों की जान जा चुकी है। एक सप्ताह से तेंदुआ गांव के पास दिख रहा है। भय लग रहा है कि कहीं तेंदुआ गांव में आकर हमला न कर दे।
डिप्टी रेंजर राकेश कुमार ने बताया कि तेंदुआ वहां काफी दिनों से रहता है। ग्रामीणों को तेंदुआ दिखे तो उसके पास न जाएं और शोर शराबा न करें। यदि आबादी की तरफ आता है, तो इसकी सूचना तत्काल वन कर्मियों को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।