Maharajganj News : महराजगंज में बनकर तैयार क्रिटिकल केयर यूनिट, लेकिन क्यों नहीं हो पा रहा शुरू?

    02-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिला अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत निर्मित 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट पूरी तरह तैयार हो चुका है लेकिन चिकित्सा स्टाफ और आवश्यक उपकरणों के अभाव में संचालित नहीं हो पा रहा है।

क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भवन को स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर भी कर दिया गया है। हालांकि आवश्यक मानव संसाधन और चिकित्सा उपकरण नहीं होने के कारण जनपद के लोग इस अत्याधुनिक सुविधा का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत निर्मित इस अत्याधुनिक भवन के निर्माण पर लगभग 15.85 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यह यूनिट शुरू होने के बाद गंभीर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान समय में गंभीर हालत वाले मरीजों को इलाज के लिए गोरखपुर या अन्य बड़े शहरों के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की भारी समस्या होती है।


50 बेड वाले इस क्रिटिकल केयर यूनिट में हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर सड़क दुर्घटना, मल्टी ऑर्गन फेलियर, वेंटिलेटर सपोर्ट वाले मरीजों समेत अन्य गंभीर रोगियों का इलाज किया जाएगा। यूनिट में आधुनिक आईसीयू सुविधाएं, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम, मॉनिटरिंग व्यवस्था और आपातकालीन उपचार की अत्याधुनिक व्यवस्था विकसित की गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भवन पूरी तरह तैयार है और केवल आवश्यक स्टाफ व उपकरण मिलने का इंतजार किया जा रहा है। यूनिट के संचालन के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ, टेक्नीशियन और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की आवश्यकता होगी। इसके साथ ही वेंटिलेटर, मॉनिटर, आईसीयू बेड और अन्य जरूरी मशीनों की उपलब्धता भी जरूरी है।