Maharajganj News : लोहे के तार से गला कसने की कोशिश, पुलिस ने बचाई ट्रक चालक की जान, VIDEO वायरल

    02-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर के पास ओवरलोड ट्रक पर कार्रवाई के बाद एक चालक के हाईवोल्टेज ड्रामे से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ओवरलोड ट्रक सीज होने से नाराज चालक ने ट्रक में लगी लोहे की तार से आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, सोनौली क्षेत्र में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ओवरलोड वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने के चलते ट्रक को सीज कर दिया गया। कार्रवाई से नाराज़ चालक ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते सड़क किनारे हाईवोल्टेज ड्रामा होने लगा।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ट्रक पर चढ़ गया और ट्रक में लगी लोहे की तार को अपने गले में बांधकर जान देने की धमकी देने लगा। चालक की इस हरकत को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

घटना के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा लेकिन पुलिस ने जल्द ही स्थिति सामान्य करा दी।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।