Maharajganj News : कच्चे घर वालों को मिलेगा पक्का आशियाना, अंतिम चरण में पात्रों की सूची
02-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज में कच्चे मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले हजारों परिवारों का पक्के घर का सपना जल्द पूरा हो सकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पात्रों की सूची तैयार करने का कार्य अंतिम चरण में पहुँच गया है। अधिकारीयों के अनुसार, एक से दो महीने में अंदर सूची तैयार हो जाएगी। उसके बाद लाभाथिर्यों को पहली किस्त जारी की जाएगी। किस्त मिलने के बाद वह अपने पक्के मकान का निर्माण करा सकते हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आवासविहीन गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (पीएमएवाईजी) संचालित है। योजना के तहत पिछले वर्ष जिले में व्यापक सर्वेक्षण कराया गया था, जिसमें 94,056 लोगों का विवरण जुटाया गया था। करीब छह माह से आगे की कार्यवाही ठप पड़ी थी। लेकिन अब इसमें से पात्रों का चयन कर उनकी सूची तैयार की जा रही है।
उम्मीद जताया जा रहा है कि इस माह या अगले माह तक पात्रों की सूची तैयार हो जाएगी। इसके बाद लाभार्थियों को पहली किस्त दी जाएगी। पात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों को मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। धनराशि तीन किस्तों में दी जाएगी। पीएम आवास जिले के हजारों परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग इस योजना का लाभ पाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
जिन परिवारों के पास पहले से पक्का मकान है, आयकरदाता हैं, सरकारी नौकरी में हैं या आर्थिक रूप से संपन्न हैं, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसी प्रकार चार पहिया वाहन, बड़े कृषि उपकरण अथवा पर्याप्त संसाधन रखने वाले परिवार भी सामान्यतः योजना की पात्रता से बाहर किया जाएगा। एआई के माध्यम से पात्रों का सत्यापन कराया गया है। जिसमें पक्का मकान वालों की छटनी पहले ही हो चुकी है।
योजना के अंतर्गत मकान निर्माण के लिए लगभग एक लाख 20 हजार रूपये निर्धारित है। लेकिन इसके साथ ही 12000 रूपये शौचालय निर्माण के लिए अलग से दिए जाते हैं। इसमें मनरेगा के माध्यम से मजदूरी का लाभ भी प्रदान किया जाता है। पूरी राशि लाभार्थी के बैंक खाते में सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजा जाएगा।
जल्द ही योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि पात्रों की सूची तैयार करने का कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही लाभ वितरण शुरू कर दिया जाएगा।