Maharajganj News : ईंधन ने किया 100 रुपये पार, महराजगंज के साइकिल बाजार में आयी बहार

    02-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का असर अब लोगों की रोजमर्रा की ज़िंदगी पर भी साफ़ दिखाई दे रहा है। कच्चे तेल के दाम में लगातार बढ़ोतरी की वजह से पेट्रोल 100 रुपये से अधिक पर बिक रहा है और डीजल भी 100 रुपये के करीब है। इस बढ़ती महंगाई के बीच लोग अब वापस से साइकिल की सवारी की ओर रुख कर रहे हैं। बीते दो माह की बिक्री में साइकिल बाजार की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गयी है।

ईंधन के बढ़ते दाम शहरी क्षेत्र में भी साइकिल की मांग बढ़ गई है। साइकिल चलाना एक बेहतर व्यायाम भी है। मुख्यालय पर साइकिल की बिक्री करने वाले फारूक खान ने बताया कि पहले के मुकाबले साइकिल बिक्री काफी बढ़ी है, लेकिन खास बात यह है कि ग्राहक अब साधारण की जगह स्टाइलिश रेंजर साइकिल अधिक पसंद कर रहे हैं। चौड़े टायर और बैठने में सुविधाजनक होने की वजह से इन साइकिलों की बिक्री ज़्यादा बढ़ी है।


बाजार में रेंजर साइकिल का रेंज चार हजार रुपये से लेकर 12 हजार रुपये तक है। छह से आठ हजार रुपये वाली रेंजर की बिक्री सर्वाधिक हो रही है। फरेंदा के साइकिल व्यवसायी अनुज लोहिया के अनुसार, गेयर वाली साइकिल की खरीद युवा अधिक कर रहे हैं।

इसकी खासियत है कि इसकी स्पीड को कम समय में बढ़ाया और घटाया जा सकता है। दो-तीन वर्ष पहले तक पूरे माह में आठ दस साइकिल बिक्री होती थी। लेकिन इन दिनों 25 तक बिक जा रही हैं। लोग भी बाजार आने-जाने के लिए अब साइकिल खरीद रहे हैं।