Maharajganj News : वायरल रील बनी मुसीबत! चलती ट्रेन के साथ दौड़कर वीडियो बनाने वाली रविता अरेस्ट
20-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत एक महिला को भारी पड़ गयी। घुघली रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन के पास दौड़ते हुए भोजपुरी गीत पर रील बनाने वाली महिला को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, घुघली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर कुशीनगर जनपद की देवतहा बाली निवासी रविता कुशवाहा (31) चलती ट्रेन के समानांतर दौड़ते हुए भोजपुरी गीत पर रील बना रही थी। इस दौरान वह अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रेन के बेहद करीब दौड़ लगा रही थी। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस खतरनाक करतूत को अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसके बाद वीडियो वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल हरकत में आया। जांच के दौरान जीआरपी ने इस मामले को रेलवे सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना है। रेलवे सूत्रों के अनुसार जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने महिला की पहचान सुनिश्चित कर ली है और रेलवे अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गोरखपुर एसपी जीआरपी लक्ष्मीनिवास मिश्र ने बताया कि जान जोखिम में डालकर रील बनाना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। महिला को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने इस तरह की जान जोखिम डालकर रील न बनाने की अपील के साथ यात्रियों को चेतावनी दी है कि रेलवे ट्रैक या प्लेटफॉर्म पर इस तरह के जोखिम भरे काम करना न केवल दंडनीय अपराध है बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।
ऐसे मामलों पर रेलवे प्रशासन की पैनी नजर है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।