Maharajganj News : रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, पहचान होते ही मचा कोहराम
20-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। शुक्रवार की शाम महराजगंज जनपद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी। जनपद के नौतनवां थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाले गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड में जहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम नइकोट और महुआरी क्रासिंग के बीच स्थित रेलवे ट्रैक पर एक युवक की क्षत विक्षत लाश पड़ी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी दौरान किसी ने इसकी सूचना नौतनवा पुलिस और आरपीएफ को दे दी।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे नौतनवा एसओ अभिषेक सिंह ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है। पुलिस द्वारा पूछताछ में मृतक की पहचान 36 वर्षीय हनुमान उपाध्याय पुत्र स्वर्गीय महेंद्र उपाध्याय निवासी ग्राम पिपरहिया के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। युवक की मौत दुर्घटना का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।