Maharajganj News : नियम कहते हैं 7 दिन, हकीकत में लग रहे 8 महीने ! जन्म प्रमाण पत्र को लेकर जिले में हाहाकार

    20-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। नगर पालिका परिषद में जन्म प्रमाण पत्र बनवाना इन दिनों अभिभावकों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। शासन के नियमों के अनुसार, आवेदन के एक सप्ताह के भीतर प्रमाण पत्र जारी हो जाना चाहिए लेकिन लोगों को छह से आठ महीने इंतजार के बाद भी प्रमाण पत्र नहीं मिल रहे हैं। इसके चलते उन्हें विभिन्न सरकारी और शैक्षणिक कार्यों में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार नगर पालिका में जन्म प्रमाण पत्र के लिए बड़ी संख्या में आवेदन लंबित पड़े हैं। अभिभावकों का कहना है कि आवेदन किए हुए 8 से 9 महीने बीत जाने के बावजूद उन्हें प्रमाणपत्र नहीं मिला है।कई लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।

नियमों के अनुसार, बच्चे के जन्म के 21 दिनों के भीतर आवेदन किए जाने पर जन्म प्रमाण पत्र तत्काल जारी कर दिया जाता है। वहीं, जन्म के एक महीने बाद आवेदन करने पर प्रमाण पत्र की प्रक्रिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के माध्यम से पूरी होती है। यदि बच्चे की आयु एक वर्ष से अधिक हो जाती है तो जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया उपजिलाधिकारी स्तर से संपन्न की जाती है।

नगर पालिका के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल, मई और जून माह में प्राप्त 250 से अधिक आवेदन अभी तक लंबित हैं। इसके अलावा नगर पालिका द्वारा एसडीएम सदर कार्यालय को भेजे गए लगभग 500 आवेदन भी निस्तारण की प्रतीक्षा में हैं। इस प्रकार कुल मिलाकर 750 से अधिक आवेदन लंबित चल रहे हैं।


शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन के एक सप्ताह के भीतर जन्म प्रमाणपत्र जारी हो जाना चाहिए लेकिन वास्तविक स्थिति इसके विपरीत है। लंबे समय तक प्रमाण पत्र नहीं मिलने से बच्चों के स्कूल में प्रवेश, आधार कार्ड बनवाने और अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।

जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए सर्वर नहीं चलने के कारण प्रमाणपत्र जारी करने में दिक्कत होती है। वहीं कई बार ज्यादा आवेदन आ जाते हैं। सर्वर डाउन होने के कारण जन्म प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पाता है।

अभिभावक ये उम्मीद कर रहे हैं कि संबंधित विभाग लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण कर राहत प्रदान करेगा।