Maharajganj News : 'पंडित बनकर आते थे, गहने लेकर गायब हो जाते थे', महराजगंज में 'पंडित गैंग' का चौंकाने वाला खुलासा
20-Jun-2026
Total Views |
लक्ष्मीपुर। दान-दक्षिणा और पूजा-पाठ के नाम पर ग्रामीणों को झांसे में लेकर उनके गहने चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुरंदरपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, एक नथुनी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के देवपुर गांव निवासी गोविंद चौरसिया की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मधुकरपुर महदेवा पंचायत भवन के पास से तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांव-गांव घूमकर दान-दक्षिणा मांगने और पूजा-पाठ कराने का झांसा देते थे। इसके बाद लोगों को बातों में उलझाकर उनके पहने गए कीमती गहनों पर हाथ साफ कर देते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि 6 जून 2026 को देवपुर गांव में भी इसी प्रकार की घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि देवपुर से चोरी किए गए गहनों को नेपाल में बेच दिया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिलेश पांडे, शेरा पांडे और चंदन पांडे के रूप में हुई है। तीनों कुशीनगर जिले के पड़रौना थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिलोकपुर खुर्द गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,760 रुपये नकद, पीली धातु की एक नथुनी तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के बाकी सामान की तलाश में जुटी हुई है। चोरी के सामान की बरामदगी के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपरिचित व्यक्ति के बहकावे में न आएं और दान-दक्षिणा या पूजा-पाठ के नाम पर घर में आने वाले संदिग्ध लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।