Maharajganj News : 7 करोड़ से बन रहा हाईटेक थाना, अंतिम चरण में पहुंचा निर्माण ! CDO ने परखी तैयारी
20-Jun-2026
Total Views |
मिठौरा। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने शुक्रवार को निर्माणाधीन सिंदुरिया थाना भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीडीओ ने थाना भवन के कार्यालय कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, बैरक, आवासीय परिसर, शस्त्रागार तथा अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां भी निर्माण कार्य में कमियां दिखाई दीं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को दिए। उन्होंने कहा कि शेष सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरे किए जाएं, ताकि भवन जल्द पुलिस विभाग को हस्तांतरित किया जा सके।
करीब 7.26 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा तीन मंजिला थाना भवन अंतिम चरण में है। वर्तमान में फिनिशिंग और अन्य शेष कार्य कराए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बिजली आपूर्ति शुरू होते ही नए भवन में थाना संचालन प्रारंभ किए जाने की तैयारी है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी, लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा स्थानीय पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।