Maharajganj News : घर लौट रहे थे दो दोस्त, रास्ते में हुआ ऐसा हादसा कि मच गई चीख-पुकार
22-Jun-2026
Total Views |
बृजमनगंज। रविवार की देर रात लगभग 10 बजे हुई सड़क दुर्घटना में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार दोनों युवक जिनकी पहचान शाकिर अली और करम हुसैन निवासी पृथ्वीपालगढ़ टोला शीतलपुर के रूप में हुई है। दोनों युवक फरेंदा की तरफ से पृथ्वीपालगढ़ अपने घर जा रहे थे बृजमनगंज मार्ग पर हरनामपुर के पास बाइक का नियंत्रित होकर पलट गई बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी देने के साथ 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज भेजा।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शाकिर अली की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि शाकिर अली के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि गले सहित शरीर की कुछ हड्डियां भी टूट गई हैं। वहीं करम हुसैन को भी दो स्थानों पर फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है।
परिजनों के अनुसार दोनों घायलों का उपचार वर्तमान में सिद्धार्थनगर स्थित बीपीएल अस्पताल में चिकित्सक चंद्रेश उपाध्याय की देखरेख में चल रहा है। उपचार के दौरान उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
घटना की सूचना पर बृजमनगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।