Maharajganj News : शिकायतें हुईं बेअसर ! नाली का टूटा स्लैब कभी भी ले सकता है किसी की जान
22-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। विकासखंड क्षेत्र की ग्राम सभा हरिहरपुर में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। क्षेत्र में गोपाल गुप्ता के घर के सामने स्थित नाली का स्लैब पिछले लगभग पांच वर्षों से टूटा हुआ है लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराइ जा सकी है। यह मार्ग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिहरपुर जाने का मुख्य रास्ता है, जिसपर बड़ी संख्या में रोजाना ग्रामीणों और मरीजों का आना-जाना होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह टूटा हुआ स्लैब लगतार दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। बरसात के दिनों में तो में हालात और ख़राब हो जाते है, क्योंकि जलभराव के कारण नाली का गड्ढा दिखाई नहीं देता। ऐसे में राहगीरों, बुजुर्गों, महिलाओं और अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों के गिरकर घायल होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के संबंध में पहले बहुत बार संबंधित कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया है लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। यहाँ के निवासियों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या के समाधान के लिए गंभीर नहीं हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से तत्काल टूटे हुए स्लैब को बदलवाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल जाने वाले इस महत्वपूर्ण रास्ते की उपेक्षा करना लोगों की सुरक्षा क्र साथ खिलवाड़ करने जैसा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना होने का इंतजार करने के बजाय समय रहते स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।