Lucknow Coaching Centre Fire : आखिर किसकी लापरवाही ने ले ली 15 लोगों की जान? जांच के घेरे में पूरा सिस्टम
22-Jun-2026
Total Views |
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में एक एनीमेशन कोचिंग सेंटर में सोमवार को हुई भीषण आग की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिसमें 3 महिलाएं हैं। मृतकों की उम्र 20 से 24 साल के बीच बताई जा रही है।
एमएस-102 अलीगंज सेक्टर-डी स्थित हेड एंड हॉपर्स एनीमेशन एंड गेमिंग जोन दूसरी मंजिल पर स्थित है। दोपहर ढाई बजे के करीब यहां आग लग गई। बताया जाता है कि एसी का कंप्रेशर फटने से यह घटना हुई। आग लगने के बाद पूरे भवन में धुआं भर गया। इससे अंदर मौजूद छात्रों में भगदड़ मच गई। कई छात्रों ने जान बचाने के लिए से छलांग लगा दी। इससे वह घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर 14 दमकल वाहन और हाइड्रोलिक सीढ़ी से लैस गाड़ियां पहुंचीं। आग लगने के बाद कई लोग इमारत से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कुछ लोग अंदर फंस गए थे। बगल के घर की छत से कोचिंग की दीवार काटकर रेस्क्यू का प्रयास किया गया। करीब 10 लोगों को रेस्क्यू कर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। वहीं आग और धुएं की वजह से 15 की मौत हो गई।
शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं था कि आग इतनी तेजी से फैल चुकी है। जब कर्मचारी बाहर निकलने लगे तो देखा कि पूरा ऑफिस धुएं से भर गया है और नीचे से आग ऊपर मंजिलों तक पहुंच रही है। धुएं के कारण कॉरिडोर पूरी तरह बंद हो गया था और सांस लेना मुश्किल हो रहा था।
अलीगढ़ का दौरा रद्द कर राजधानी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी अफसरों से ली। उनके निर्देश पर प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण, डीजी फायर सुजीत पांडेय, पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सेंगर समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर शाम तक राहत-बचाव कार्य जारी था।
लखनऊ अग्निकांड के घटना स्थल और KGMU से लौटते ही सीएम योगी ने हाई लेवल मीटिंग बुलाई। इस मीटिंग में सभी उच्चाधिकारी मौजूद रहे। सीएम ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि फायर विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों को गंभीर होना होगा, ताकि ऐसी घटनाएं भविष्य में ना हों।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की। घायलों के लिए सीएम योगी ने 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद करने का ऐलान किया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने X पर एक पोस्ट के जरिए कहा, “लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे। ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जाँच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे।