Maharajganj News : 15 जून के बाद आना था मानसून, 22 जून तक नहीं पहुंचा ! 5 दिन लू का अलर्ट
22-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद में भीषण गर्मी से राहत के फिलहाल कोई आसार नहीं दिख रहे। अगले पांच दिनों तक मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार तक लू चलने की आशंका के मद्देनजर सतर्क रहने के सुझाव दिए गए हैं। रविवार को तराई के महराजगंज में लू के थपेड़े शनिवार के मुकाबले कम जरूर रहे लेकिन 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड अधिकतम तापमान ने 42 डिग्री की गर्मी का एहसास कराया।
मानसूनी सीजन में पूर्वी यूपी ही नहीं पूरे प्रदेश से मानसून रुठा हुआ है। 15 जून के बाद का समय पूर्वी यूपी में मानसून का माना जाता है, लेकिन इस बार 22 जून तक मानसून अभी प्रदेश से दूरी बनाए हुए है। गोरखपुर व बस्ती मंडल के जनपदों के लिए जो समय मानसून का तय उस दौरान लू के आसार बने हैं। मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति जलवायु परिवर्तन व अलनीनो प्रभाव से मानसून इस बार विलंबित है।
मानसून के अग्रसरण के लिए अभी अनुकूलता न होने के कारण लू के हालात बन रहे। गोरखपुर व बस्ती मंडल के जनपदों में शुक्रवार तक हवा की गति तेज रहने व धूप तल्ख होने से लू का प्रभाव हो सकता है। शनिवार से मानसून के दस्तक देने के आसार बन रहे।
लू से बचाव के लिए
लू के दौरान बाहर निकलने से परहेज करें खासकर सुबह 11 से दो बजे तक बहुत जरूरी न हो तो बाहर न निकलें। अगर निकलते हैं तो भरपूर पानी व तरल पदार्थ लेते रहें जिससे शरीर हाइड्रेट बना रहे और लू का प्रभाव न पड़ने पाए। लू में भुने आम का पना फायदा पहुंचा सकता है।