Maharajganj News : हर गतिविधि पर नजर! मुहर्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

    22-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी लगातार जिले के संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।


पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त की जा रही है। पुलिस बल लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रहा है। इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से माहौल प्रभावित न हो।

भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा सोनौली बॉर्डर पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमा पर आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले लोगों को पहचान पत्रों की जांच के बाद ही अनुमति दी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां डॉग स्क्वायड और अन्य आधुनिक संसाधनों की मदद से वाहनों और संदिग्ध वस्तुओं की जांच कर रही हैं।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि मुहर्रम पर्व को लेकर सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत 12 फीट से अधिक ऊंचे ताजिये बनाने पर रोक रहेगी। सभी आयोजन निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही संपन्न कराए जाएंगे। प्रशासन इन निर्देशों के पालन को लेकर पूरी तरह गंभीर और सतर्क है।