Maharajganj News : विकास के दावे खोखले ! इस कॉलोनी में सड़क कम, गड्ढे ज्यादा

    22-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। नगर के गांधीनगर वार्ड स्थित पिपरदेउरा पोखरा आवास कॉलोनी में जर्जर सड़कें और खराब जलनिकासी व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई हैं। बरसात का मौसम आते ही कॉलोनीवासियों की चिंता और बढ़ गयी है। उनका कहना है कि सड़कों पर इतने बड़े गड्ढे बन चुके हैं कि बारिश में दुर्घटना की बहुत संभावना बनी रहती है, जिस समय सड़कें जलमग्न होकर पहचान में ही नहीं आतीं।

मान्यवर श्री कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तहत वर्ष 2008 से 2011 के बीच विकसित इस कॉलोनी की में रहने वाले लोगों का आरोप है कि वर्षों से सड़क और नाली की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि खराब सड़कों के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि सड़क और नाली की यह समस्या बहुत वक़्त से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।


क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों से शिकायत की गई है। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का आरोप है कि अधिशासी अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन किये गए, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

समस्या का समाधान न होने सेयहाँ के निवासियों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। उन्होंने विभागीय उदासीनता पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने और सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।