Gorakhpur News : पेड़ के नीचे खड़ी थी बाइक, ऊपर लटक रहा था रामनारायण का शव

    22-Jun-2026
Total Views |

गोरखपुर। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 23 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके से उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।

मृतक की पहचान पीपीगंज थाना क्षेत्र के जंगल कौड़िया चौकी अंतर्गत फुलवरिया निवासी रामनारायण सिंह के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने सोमवार सुबह राजपुर में एक पेड़ से युवक का शव लटकता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को पेड़ के नीचे युवक की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन मिला।


मोटरसाइकिल के चेसिस नंबर के आधार पर युवक की पहचान जंगल कौड़िया के फुलवरिया गांव निवासी 23 वर्षीय रामनारायण सिंह के रूप में की गई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। गांव वालों ने बताया कि रामनारायण बीती रात करीब 10 बजे घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने भी रातभर उसकी खोजबीन की। सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कैंपियरगंज के सीओ अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन पड़ताल में जुटी हुई है।