Maharajganj News : ग्राम प्रधान से लेकर प्रशासन तक मैदान में, नहर की लहरों में रितेश को तलाश रही SDRF
22-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के जगदौर गांव में एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे इलाके को ग़मगीन कर दिया है। भैंस चराने गए एक 8 वर्षीय मासूम की नारायणी नदी की देवरिया नहर में डूबने के चलते लापता होने की घटना के बाद परिवार समेत पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जाग्दौर गाँव निवासी चुल्हाई विश्वकर्मा का 8 साल का बेटा रितेश, अपने चचेरे भाई विवेक के साथ भैंस चराने गया था। इसी दौरान दोनों बच्चे नहर के पास पहुंचे। नहर का बहाव काफी तेज था। विवेक तो किसी तरह बच गया, लेकिन रितेश नहर की तेज धारा में बह गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीखपुकार मच गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम, सिंदुरिया थाना प्रभारी विशाल कुमार शुक्ल और क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम मौके पर पहुंचे। इसके बाद SDRF की टीम को भी बुलाया गया, जो लगातार बच्चे की तलाश में रेस्क्यू अभियान चला रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, पूरे गाँव में दुःख का माहौल है। इस कठिन समय में ग्राम प्रधान की सक्रिय भूमिका भी चर्चा का विषय बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रधान जी ने न केवल तत्काल प्रशासन को सूचित किया, बल्कि खुद भी मौके पर डटकर पूरी रात ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्चे की तलाश में जुटे रहे।
फिलहाल SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम बच्चे की खोजबीन में लगी हुई है। पूरे क्षेत्र की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं।