Maharajganj News : हर बारिश में बढ़ता खतरा, आखिर लालपुर मार्ग पर कब होगी मरम्मत?
23-Jun-2026
Total Views |
महाराजगंज। जिले के बांसपार बैजौली टोला लालपुर मार्ग की जर्जर स्थिति ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गयी है। पिछले करीब चार सालों से यह सड़क टूटकर पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे आवागमन बेहद कठिन और जोखिमभरा हो गया है।
बारिश के मौसम में सड़क पर जलभराव और कीचड़ होने से पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना रहता है। इससे गाँव वालों में काफी नाराज़गी है।
स्थानीय निवासी दिनेश प्रसाद ने बताया कि सड़क की मरम्मत और निर्माण को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीण माधव वर्मा, चंद्रेश और कन्हैया साहनी ने कहा कि खराब सड़क का सबसे अधिक असर छात्रों, किसानों और मरीजों पर पड़ रहा है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुँचाने में भी समस्या होती है।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्रीय विधायक और अधिकारियों से कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला है। अब लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग करते हुए कहा है कि बेहतर सड़क सुविधा मिलने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।