Maharajganj News : डेढ़ महीने पहले घर में बजी थीं शहनाइयां, कमरे का दरवाजा टूटा तो सामने आया खौफनाक मंजर

    23-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम खैराटी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फ़ैल गयी। 21 वर्षीय रेशमी यादव का शव सोमवार को उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, रेशमी यादव का विवाह गत 8 मई को खैराटी निवासी दशरथ यादव के साथ हुआ था। शादी को अभी डेढ़ माह ही हुए थे। पति रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहता है। घटना के समय सास-ससुर खेत में काम करने गए हुए थे। इसी दौरान घर में अकेली मौजूद रेशमी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि दोपहर में खेत से लौटने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं मृतका के मायके सोनौली थाना क्षेत्र के अरधा गांव में भी सूचना दी गई। खबर मिलते ही पिता राजकिशोर यादव पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और वह तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।


घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह, थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह तथा नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। रेशमी यादव छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी।

पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि जिस घर में कुछ दिन पहले शहनाइयां गूंजी थीं, वहां आज सन्नाटा और चीख-पुकार सुनाई दे रही है।

थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि नवविवाहिता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।