Maharajganj News : मियां-बीवी गए थे दवा लेने, अचानक सड़क पर दूसरे दंपति से शुरू हो गयी मारपीट
23-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल के मुख्य गेट के पास सोमवार दोपहर एक मामूली विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि सड़क पर हंगामा और मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में तमाशबीन जुट गए। जब सीएचसी में दवा लेने पहुंचे दो दंपतियों के बीच कहासुनी के बाद विवाद मारपीट तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीपरा गांव निवासी संदीप यादव अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए सीएचसी निचलौल आए थे। जांच के बाद वे मेडिकल स्टोर पर दवा लेने पहुंचे। इसी दौरान वहां एक अन्य व्यक्ति भी अपनी पत्नी के साथ मौजूद था। दवा लेने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जाता है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के व्यक्ति ने संदीप यादव की पत्नी के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर दिया। इस पर संदीप ने विरोध जताया तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला मारपीट तक पहुंच गया। सड़क पर हंगामा होते देख आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।