Gorakhpur News : गोलघर की तस्वीर बदलने वाली परियोजना फिर शुरू! 28 करोड़ की 'स्मार्ट रोड' योजना को मिली रफ्तार

    23-Jun-2026
Total Views |

गोरखपुर। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र गोलघर और आसपास की सड़कों को स्मार्ट बनाने की बहुप्रतीक्षित योजना एक बार फिर पटरी पर लौट आई है। लंबे समय से रुका निर्माण कार्य अब जल्द शुरू होने जा रहा है। नगर निगम ने नई प्रक्रिया पूरी कर ली है और इसी सप्ताह निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके लिए नगर निगम के निर्माण विभाग ने नए सिरे से प्रक्रिया पूरी कर ली है।

योजना के तहत शास्त्री चौक से आंबेडकर चौक होते हुए छात्रसंघ चौक तक निर्माण होगा। उसके बाद प्रधान डाकघर तिराहा, हरिओमनगर तिराहा होते हुए टाउनहाल और कचहरी चौक तक 2.37 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। वहीं कचहरी चौक से काली मंदिर तक गोलघर की 780 मीटर लंबी मुख्य सड़क का निर्माण 7.70 करोड़ रुपये से होगा। इन दोनों कार्यों के लिए नई फर्म को कार्यादेश मिलने की संभावना है।


नगर निगम के अनुसार कचहरी चौक से गणेश चौक, बैंक रोड से विजय चौक तक 1.25 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए फर्म चयन की प्रक्रिया अभी जारी है। पिछले दिनों नगर आयुक्त अजय जैन ने परियोजना क्षेत्र का निरीक्षण कर जलकल और विद्युत विभाग से जुड़े शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए थे, ताकि सड़क निर्माण में किसी प्रकार की बाधा न आए।

मुख्य अभियंता अमित शर्मा के अनुसार पहले इन कार्यों का निर्माण मेसर्स एसएस कोटिंग एवं एके इंजीनियरिंग ज्वाइंट वेंचर की ओर से किया जा रहा था, लेकिन ठेकेदार के निधन के बाद काम रुक गया। अब नगर निगम ने परियोजना को तीन हिस्सों में विभाजित कर कार्य को नए सिरे से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। पूर्व में कार्य कर चुकी फर्म को 4.50 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष कार्यों के मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है।