Maharajganj News : क्या अब खत्म होगा गर्मी का सितम? बादलों की दस्तक और बूंदाबांदी ने दिए बड़े संकेत
23-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। भीषण गर्मी और लू की चेतावनी के बीच सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सोमवार दोपहर बाद छाए बादलों के धुंध ने चटख धूप व गर्म हवाओं से लोगों को राहत दी। साथ ही नेपाल सीमा से सटे नौतनवां व ठूठीबारी में हल्की बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। सोमवार को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार से शुक्रवार तक गोरखपुर व बस्ती मंडल के जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया था। सोमवार की सुबह तल्ख धूप के साथ हुई तो सुबह 9 बजे के बाद हवा की रफ्तार गर्म हवाओं को मजबूती देने लगी, लेकिन दोपहर के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया और बादलों ने धुंध के जरिये तल्ख धूप व गर्म हवाओं से राहत पहुंचाने का काम किया। बादल शाम तक छाए रहे।
साथ ही नेपाल सीमा से सटे नौतनवां व ठूठीबारी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। हालांकि मुख्यालय के हिस्से बारिश न आने के कारण देर शाम उमस भरी गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के लिए स्थितियां अनुकूल हुई हैं। अगले 48 घंटे में मानसून बिहार के लगभग सभी जनपदों तक पहुंच सकता जिसके बाद पूर्वी यूपी में मानसून दस्तक देगा।