Maharajganj News : पति से झगड़े के बाद पत्नी को जाना था मायके, पति ले तो गया लेकिन फिर वापस नहीं आया
23-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। पत्नी को मायके छोड़कर घर लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। कोठीभार थाना क्षेत्र के निचलौल-सिसवा मार्ग पर बलहीखोर गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार, मुन्ना कनौजिया (32) पुत्र शिवपरसन, निवासी ग्राम सिंहपुर थाना निचलौल, अपनी पत्नी साधना को उसके मायके ग्राम पकड़ी भारतखंड, थाना कोठीभार छोड़ने गया था। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते पत्नी मायके जाने की जिद पर अड़ी थी। पत्नी को मायके पहुंचाने के बाद मुन्ना बाइक से वापस घर लौट रहा था।
रास्ते में निचलौल-सिसवा मार्ग पर स्थित बलहीखोर गांव के समीप उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने पुल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक समेत सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल युवक को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी साधना और पांच वर्षीय पुत्री प्रीति को छोड़ गया है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। मौत की सूचना मिलते ही मायके में मौजूद पत्नी रोते-बिलखते घर पहुंची। परिजनों की चीख-पुकार से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
थाना प्रभारी कोठीभार अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के लिए मोर्चरी में भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।