Maharajganj News : 15 साल से अधूरी मांग! अब सीधे मुख्यमंत्री से मिलने की तैयारी में सिसवा के व्यापारी
23-Jun-2026
Total Views |
सिसवा बाजार। सिसवा को तहसील का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक स्तर पर लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद कोई ठोस पहल न होने से नाराज व्यापारियों ने अब सीधे मुख्यमंत्री से मुलाकात करने का फैसला किया है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल नगर इकाई की बैठक सोमवार को कार्यालय में आयोजित हुई। इस बैठक में सिसवा को वर्षों से तहसील बनवाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से आजिज व्यापारियों ने एक प्रतिनिधिमंडल बनाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। सिसवा को तहसील बनाने की मांग 15 वर्षों से हो रही है।
इसको लेकर नगर के व्यापारियों की ओर से कई बार आंदोलन और सिसवा बंद कर प्रदर्शन किया जाता रहा है। साथ ही अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद व्यापारी प्रतीक्षा करने लगते हैं। वर्तमान वर्ष में भी व्यापार मंडल ने 5 जनवरी को सिसवा बंद का आह्वान कर ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन भी किया था। हालांकि, आश्वासनों के बावजूद इस दिशा में कोई सार्थक पहल नहीं हो पाई है।
इस मुद्दे को लेकर बैठक में व्यापारियों के नेता शिब्बू खान ने जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सिसवा की लगातार उपेक्षा की जा रही है। अब समय आ गया है कि नगर के सभी व्यापारी एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करें।
उन्होंने हस्ताक्षर अभियान चलाने का सुझाव दिया। व्यापारियों का कहना था कि सिसवा आज तक न तो परिवहन निगम से जुड़ पाया है न ही राजकीय कॉलेज या नए उद्योग स्थापित हो सके हैं।