Sohagibarwa Wildlife Sanctuary : यूपी का ऐसा वाइल्डलाइफ हब, जहां प्रकृति दिखाती है अपना सबसे खूबसूरत रूप ! आप भी आइये

    23-Jun-2026
Total Views |

Sohagibarwa Wildlife Sanctuary : 
उत्तर प्रदेश के उत्तरी छोर पर नेपाल सीमा सटा हुआ जिला महराजगंज अपनी प्राकृतिक संपदा, घने जंगलों और जैव विविधता के लिए खासतौर पर जाना जाता है। जिले का नाम आते ही सबसे पहले सोहगीबरवा वन्यजीव अभयारण्य की चर्चा होती है, जो प्रकृति प्रेमियों, वन्यजीव फोटोग्राफरों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

यह जिला प्राकृतिक संसाधनों के साथ-साथ धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के कारण भी पहचान रखता है। नेपाल सीमा से सटी सोहगीबरवा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी महराजगंज और कुशीनगर जनपद के विस्तृत क्षेत्र में फैली हुई है। इस विस्तृत वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी में विभिन्न तरह के वन्य जीव, पक्षी और प्राकृतिक सौंदर्य एक साथ देखने को मिलते है जो यहाँ आने वाले प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए अलग ही आनंद की अनुभूति कराते हैं।

यह वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी महराजगंज और कुशीनगर दोनों जिलों के काफी बड़े क्षेत्र में फैली हुई है। यह महराजगंज जिले के चौक रेंज, मधुबनी रेंज, निचलौल रेंज और तराई क्षेत्र तक विस्तृत है, जहां तरह-तरह के वन्य जीव पाए जाते है।


करीब 42,820 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैली यह सैंक्चुअरी केवल वन्यजीव संरक्षण का केंद्र ही नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन और प्रकृति के अनोखे संगम का भी उदाहरण है। गौरतलब है कि इन जंगलों के भीतर कई गांव बसे हुए है। जिनकी जीवनशैली और आजीविका जंगलों से गहराई से जुड़ी हुई है। इस वजह से यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवन के साथ ग्रामीण संस्कृति को भी करीब से देखने का अवसर मिलता है।

इतिहास पर नजर डालें तो यह क्षेत्र कभी गोरखपुर फॉरेस्ट डिविजन के अधीन था। वर्ष 1978 में वन प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इसे अलग-अलग वन प्रभागों में विभाजित किया गया। काफी वक़्त तक यह गोरखपुर फॉरेस्ट डिविजन के उत्तरी क्षेत्र के रूप में संचालित होता रहा, लेकिन बाद में यहां वन्यजीवों की समृद्ध मौजूदगी और उनके महत्व को देखते हुए इसे वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी के रूप में विकसित किया गया।

इस सैंक्चुअरी में हिरण, जंगली सूअर, नीलगाय, सियार, तेंदुआ समेत कई प्रकार के वन्य जीव पाए जाते हैं। पक्षी प्रेमियों के लिए भी यह स्थान खास है, क्योंकि यहां प्रवासी पक्षियों की कई दुर्लभ और अनोखी प्रजातियां देखने को मिलती है।

तराई क्षेत्र में स्थित इस अभयारण्य के बीच बहने वाली छोटी-छोटी नदियां वन्यजीवों के लिए जीवनरेखा का काम करती हैं। पर्यटकों के लिए यहां जंगल सफारी की भी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से वे वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में करीब से देख सकते हैं।

शहरों की भीड़भाड़ और प्रदुषण से दूर यहां न केवल वाइल्डलाइफ का अनुभव मिलता है, बल्कि आसपास बसे गांवों के जरिए ग्रामीण जीवन की झलक भी देखने को मिलती है। इसीलिए यह स्थान लोगों को इतना आकर्षित करता है और धीरे-धीरे पूर्वांचल के प्रमुख इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

प्राकृतिक सुंदरता, रोमांचक सफारी, दुर्लभ वन्यजीव और ग्रामीण जीवन की झलक- सोहगीबरवा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी इन सभी अनुभवों का अनूठा संगम है, जो हर पर्यटक को एक यादगार यात्रा का एहसास कराती है।