Gorakhpur News : जहां एक घंटे में बनेंगी 50 हजार रोटियां ! उस मेगा किचन का उद्घाटन करेंगे सीएम योगी
24-Jun-2026
Total Views |
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जून से तीन दिवसीय गोरखपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री बरगदवा स्थित नकहा जंगल क्षेत्र में अक्षय पत्र फाउंडेशन के अत्याधुनिक बेस किचन का उद्घाटन करेंगे, जहां से प्रतिदिन एक लाख बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार किया जाएगा। 27 जून सुबह भाजपा महानगर के प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री 25 जून की शाम को आएंगे और गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद कुछ देर मंदिर परिसर में रहेंगे। इसके बाद वह शाम करीब 5:30 बजे बरगदवा स्थित नकहा जंगल स्टेशन के पास निर्माणाधीन अक्षयपात्रा के बेस किचन का उद्घाटन करने के बाद निरीक्षण करेंगे। 26 जून को एक निजी हास्पिटल का उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री 27 जून को सुबह 10:30 बजे भाजपा महानगर कमेटी के दो दिवसीय अभ्यास वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में सांसद रवि किशन, एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, वर्तमान और पूर्व पदाधिकारी सहित 173 सदस्य भाग लेंगे। दो दिनों में कुल 16 सत्र आयोजित होंगे। पहले दिन भाग लेने वालों को रात प्रवास भी करना है।
पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत भाजपा के दो दिवसीय अभ्यास वर्ग में शामिल होने के बाद 28 जून को सभी जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी अयोध्या दर्शन करने जाएंगे। इसके लिए पार्टी की ओर से एसी बस का इंतजाम किया गया है।
अक्षयपात्रा का यह बेस किचन आधुनिक तकनीकों से लैस है। तीन से चार घंटे में एक लाख बच्चों का खाना बनकर तैयार होगा। मशीन से एक घंटे में 50 हजार रोटी बनाई जाएगी और स्टीम तकनीक से 15 मिनट में 1200 लीटर चावल पकेगा।
अक्षयपात्रा के जोनल हेड विक्रांत मोहन ने बताया कि तीन एकड़ क्षेत्रफल में बेस किचन और पार्किंग बनाई गई। स्कूलों तक खाना पहुंचाने के लिए करीब 100 गाड़ियां रहेंगी। बेस किचन में करीब 200 कर्मचारी काम करेंगे। स्कूलों में बच्चों की अटेंडेंस के हिसाब से गरम खाना गाड़ियों में भेजा जाएगा।