Maharajganj News : 820 आवेदन पहुंचे बैंकों में, लेकिन सैकड़ों फाइलें अब भी अटकीं! डीएम नाराज़
24-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योग/व्यापार बंधु की बैठक में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने विभिन्न स्वरोजगार एवं रोजगारपरक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बैंकों के कार्यों पर नाराजगी जताई। एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआइसीआई बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, यूको बैंक, उत्तर प्रदेश को ऑपरेटिव बैंक सहित शून्य स्वीकृति और वितरण वाले बैंकों के शाखा प्रबंधकों के प्रति नाराजगी जताते हुए सीएम युवा के लंबित आवेदनों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान उएक्सिस बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, यूको बैंक तथा उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव बैंक सहित उन बैंक शाखाओं पर विशेष नाराजगी व्यक्त की गई, जहां ऋण स्वीकृति और वितरण की स्थिति बेहद कमजोर पाई गई। उन्होंने जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना ठोस और वैध कारण के किसी भी आवेदन को निरस्त न किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
बैठक में एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने उपस्थित व्यापारियों को सुरक्षा का पूर्ण भरोसा दिया। स्थानीय पुलिस को बाजारों में नियमित गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता जांचने तथा व्यापारियों से निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिये गये। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों और व्यापारियों की वैध समस्याओं को कतई लंबित न रखा जाए।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए लक्ष्य 1800 है, जिसके सापेक्ष विभिन्न बैंकों को कुल 820 आवेदन प्रेषित हुए हैं। विभिन्न बैंक शाखाओं द्वारा 182 आवेदन स्वीकृत करते हुए 139 मामलों में ऋण वितरण किया जा चुका है। जबकि 364 आवेदन स्वीकृति हेतु लंबित हैं और 95 आवेदन वितरण हेतु लंबित हैं।
डीएम ने उद्यमियों को बताया कि ओडीओसी योजना के तहत जनपद से रामकटोरी के अतिरिक्त गुड़, लिट्टी–चोखा और मीठा समोसा को चयनित किया गया है। ओडीओसी योजना में अब इनका व्यवसाय करने वाले उद्यमियों को परियोजना का 25 प्रतिशत और अधिकतम 50 लाख रुपये अनुदान के रूप में प्राप्त होगा। उन्होंने जीएसटी पंजीयन बढ़ाने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त उद्योग नीरज सिंह, उपायुक्त राज्यकर हरिशंकर प्रसाद, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार सहित व्यापारी फूलचन्द अग्रवाल, सुरेश रूगंटा, पशुपतिनाथ गुप्ता सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।