Maharajganj News : 3 दिन बाद नहर ने लौटाया मासूम का शव, आख़िरकार 11 साल का रितेश ज़िंदा नहीं लौटा
24-Jun-2026
Total Views |
सिंदुरिया। थाना क्षेत्र के जगदौर गांव में तीन दिन पहले नहर के तेज बहाव में बहकर लापता हुए 11 वर्षीय रितेश विश्वकर्मा का शव मंगलवार शाम बरामद होने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शव मिलने की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ व एसएसबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जगदौर निवासी संतोष विश्वकर्मा का बेटा रितेश (11) रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे सेमरा ढाला राष्ट्रीय राजमार्ग के सामने देवरिया शाखा नहर की पटरी पर भैंस चरा रहा था। बताया जा रहा है कि उसी दौरान पैर फिसलने से वह नहर के तेज बहाव में बह गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों ने तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
रविवार से लगातार जारी तलाश अभियान के बीच मंगलवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे हरिहरपुर मोतीपुर नहर फाटक के पास ग्रामीणों ने एक शव को पानी में उतराते देखा।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ व एसबीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकाला। शव मिलने का स्थान घटनास्थल से लगभग 12 किमी दूर बताया जा रहा है। मौके पर थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि परिजनों ने शव की शिनाख्त रितेश के रूप में की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।