Maharajganj News : भूत-प्रेत के शक में पड़ोसियों ने मीरा को पीटा, उसकी बेटियों को भी नहीं बख्शा

    24-Jun-2026
Total Views |

भिटौली। थाना क्षेत्र के मिर्जापुर पकड़ी उर्फ रघुनाथपुर गांव में अंधविश्वास से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहाँ टोना टोटका का आरोप लगाकर एक महिला और उसकी दो बेटियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गयी। पुलिस ने मंगलवार को चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।

आरोप है कि गत रविवार की सुबह करीब 11 बजे आरोपी पक्ष ने भूत-प्रेत और टोना-टोटका का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू किया था। विरोध करने पर मीरा के साथ मारपीट की। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं उसकी दो बेटियों नीतू और शीतल की भी पिटाई कर दी।


मामले में पीड़िता मीरा की तहरीर पर गांव निवासी महेश साहनी, प्रिंस साहनी, महिमा और सुमन के विरुद्ध गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसओ सत्येन्द्र कुमार राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।