Maharajganj News : लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए जान जोखिम में! एक और वायरल रील पर मचा बवाल

    24-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज
। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में जोखिम भरे स्टंट करने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला महराजगंज जिले का है, जहां एक युवती का चलती बाइक पर भोजपुरी गाने पर स्टंट करते हुए रील बनाने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और संबंधित युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि आपन महराजगंज इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) प्लेटफार्म पर हुई शिकायतों का पुलिस ने संज्ञान भी लिया है। संबंधित थाने व यातायात प्रभारी को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।

वायरल वीडियो में युवती चलती बाइक पर खतरनाक अंदाज में भोजपुरी गाने पर स्टंट करती नजर आ रही है। युवती मूल रूप से भिटौली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। वीडियो में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी दिखाई दे रही है, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।


चर्चा है कि वह इससे पहले भी सोशल मीडिया रील को लेकर सुर्खियों में रह चुकी है और उस मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद वह विभिन्न स्थानों पर वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करती रही है। सोशल मीडिया विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के स्टंट युवाओं में गलत संदेश देते हैं और उन्हें लोकप्रियता पाने के लिए जोखिम भरे कदम उठाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हजारों फॉलोअर्स रखने वाले ऐसे इन्फ्लुएंसर्स की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जानी चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसको लेकर महराजगंज पुलिस से शिकायत की गई है। इस मामले में श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो उनके थाना क्षेत्र का नहीं है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो की वास्तविक लोकेशन व परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।