Maharajganj News : कई दिनों से गायब थी 17 साल की किशोरी ! अब उसकी बरामदगी से मामले ने लिया नया मोड़

    24-Jun-2026
Total Views |

मिठौरा
। सिंदुरिया थाना क्षेत्र से लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में नामजद आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

गौरतलब है कि क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री को गांव के ही एक युवक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए सिंदुरिया थाने में तहरीर दी थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि किशोरी घर से जाते समय मां के जेवर और कुछ नकद रुपये भी साथ ले गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।


प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस टीम लगातार किशोरी की तलाश में जुटी रही। मंगलवार को पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई पूरी करते हुए किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी विशाल शुक्ला ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश भी जारी है।