Maharajganj News : नौतनवा-सोनौली में दवा दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, कई मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई
25-Jun-2026
Total Views |
नौतनवा। अवैध दवा कारोबार और नशीली दवाओं की बिक्री पर शिकंजा कसने के लिए ड्रग्स विभाग की संयुक्त टीम ने नौतनवा और सोनौली में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। चार जिलों के अधिकारियों की टीम ने नौतनवा एवं सोनौली में दो दर्जन से अधिक दवा की दुकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद दवा दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों ने 8 दुकानों से डेढ़ दर्जन संदिग्ध दवाओं के सैंपल भी जांच के लिए लिया। वहीं सोनौली की तीन मेडिकल स्टोर एवं नौतनवा के एक मेडिकल स्टोर संचालन में खामियां पाए जाने पर खरीद बिक्री पर रोक लगा दी गई।
मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर गठित टीम ने गोरखपुर मंडल के सहायक आयुक्त संदीप गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। टीम में बस्ती के औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार, देवरिया के औषधि निरीक्षक राघवेंद्र, गोरखपुर के औषधि निरीक्षक सिद्धेश्वर शुक्ला तथा महराजगंज के औषधि निरीक्षक नवीन कुमार शामिल रहे।
महराजगंज औषधि निरीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि नशीली दवाओं की जांच एवं अवैध दवा व्यापार की रोकथाम को लेकर औचक जांच पड़ताल की गई है। होलसेल दवाओं के लाइसेंस की जांच में जिन दुकानों में अनियमितता पाई गई है, उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। नौतनवा सोनौली की आठ दुकानों से संदिग्ध दवाओं के सैंपल लिए गए हैं। जांच में खामियां मिलने के उपरांत उनके विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।