Maharajganj News : महराजगंज में बढ़ा तेंदुए का आतंक, अब दुकान बंद कर घर लौट रहे कारोबारी को बनाया निशाना

    25-Jun-2026
Total Views |

महाराजगंज।
जिले में तेंदुए की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। निचलौल क्षेत्र में बुधवार रात एक तेंदुए ने बाइक सवार दो युवकों पर हमला कर दिया। निचलौल रेंज के चरभरिया चौराहे पर बुधवार की रात आठ बजे दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे युवकों पर एक तेंदुए ने हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक के पैर में गंभीर चोट आई।

जानकारी के अनुसार, कलनही खुर्द निवासी किशन साहनी की डोमा चौराहे पर दुकान है। बुधवार की रात में तकरीबन 8 बजे किशन ने दुकान बंद की और घर वापस जाने लगे। उनके साथ गांव के ही सूरज मद्धेशिया भी बाइक पर सवार थे। बाइक लेकर दोनों जेसे ही चरभरिया चौराहे के आगे पहुंचे, जंगल से निकले तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में किशन का दायां पैर जख्मी हो गया। बाइक पर पीछे बैठा सूरज कूद कर अलग हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे अजय राजभर भी मौके पर पहुंच गए।


सूरज और अजय ने जोर-जोर से शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। फिर दोनों ने किशन को बाइक पर बैठाया और निचलौल सीएचसी पर पहुंचाया जहां उसका इलाज रहा है।

इस मामले में रेंजर निचलौल सुनील राव ने बताया कि जंगल से सटे गांवों के लोगों को जंगली जानवरों से सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जंगल से सटे गांवों में रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें और रात के समय अकेले आवागमन से बचें, क्योंकि अंधेरे में जंगली जानवरों के हमले की आशंका अधिक रहती है।