Maharajganj News : ई-रिक्शे में महिला से दोस्ती, फिर उड़ाई 2.80 लाख की चेन! 24 घंटे में खुला राज
25-Jun-2026
Total Views |
भिटौली। ई-रिक्शे में सफर के दौरान महिला की सोने की चेन और लॉकेट चोरी करने वाली दो शातिर महिलाओं को भिटौली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चुराई गई सोने की चेन और लॉकेट भी बरामद कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.80 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 जून को दोपहर दो बजे बुलुआ गांव निवासिनी रोशन जहां ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह परतावल से ई रिक्शे पर बैठकर घर जा रही थीं। रास्ते में दो महिलाएं भी रिक्शे पर सवार हो गईं। बातचीत के दौरान छपिया में एक महिला बहाना बनाकर कंधा और गर्दन दबाने लगी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों महिलाओं ने चुपके से उनकी सोने की चेन और लॉकेट उड़ा लिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए भिटौली पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से बुधवार सुबह उप निरीक्षक जितेंद्र यादव के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल संजीव श्रीवास्तव, महिला कांस्टेबल आयुषी सिंह एवं वंदना गोंड की टीम ने भैंसा पुल के पास से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान प्रिया देवी (34) निवासी लक्ष्मीपुर, थाना बड़हलगंज जनपद गोरखपुर और निशा देवी (29) निवासी कोहरा बुजुर्ग, थाना गोला बाजार जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों महिलाओं ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गई चेन और लॉकेट बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।