Maharajganj News : कुछ ही घंटों में खाली हो गई राजू कन्नौजिया के घर की अलमारी, अब सुराग तलाश रही पुलिस

    25-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत एकमा (लक्ष्मीपुर बाजार) में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नगदी और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गयी। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित राजू के अनुसार वह अपने परिजनों के साथ रिश्तेदारी में आयोजित एक मुण्डन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गया था। घर सूना पाकर चोरों ने मुख्य चैनल का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के कमरों में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखी नगदी, सोने और चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।


जब परिवार मुण्डन कार्यक्रम से वापस लौटा तो घर का टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी से चांदी व सोने के दर्जनों जेवरात एवं नगदी गायब थे। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष गौरव राव कन्नौजिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।