Maharajganj News : चार शिकायतें, दो बार जांच... फिर भी नहीं बनी नाली! आखिर कौन सी फाइलों में फंसा गांव का विकास?

    26-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
लक्ष्मीपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सिसवा तौफिर ग्राम करैला में विद्या पत्नी तेजू द्वारा जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर लगातार शिकायतें दर्ज कराने और कई बार प्रशासनिक जांच होने के बावजूद उनके घर के सामने नाली निर्माण का कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। लगभग दो वर्षों से उन्हें हर बार केवल आश्वासन ही मिल रहा है, जबकि मौके पर जांच करने वाले अधिकारी भी नाली निर्माण की आवश्यकता स्वीकार कर चुके हैं। उनके पुत्र सुंदरपाल, (जिनकी पंजाब में फैक्ट्री है) से आपन महराजगंज टीम ने बात की तो इस मामले की विस्तृत जानकारी हुई।

सुंदरपाल का कहना है कि उनके घर से सामने खड़ंजा वाली सड़क तो है लेकिन उसमे कोई नाली नहीं बनी है जिसकी वजह से सिर्फ उनके ही नहीं बल्कि सबके घर का पानी सड़क पर इकठ्ठा हो जाता है। इस वजह से गाँव वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस सम्बन्ध में कई बार आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पहली शिकायत पर जनवरी 2025 में जांच के बाद अधिकारियों ने माना कि शिकायत सही है और कहा कि वर्तमान कार्ययोजना में यह प्रस्ताव शामिल नहीं है लेकिन आगामी कार्य योजना में इसे प्रमुखता से शामिल कर धन उपलब्ध होने पर इसका निर्माण करा दिया जायेगा।


इसके बाद दूसरी शिकायत पर भी अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण कर नाली निर्माण को आवश्यक बताया और दोहराया कि कार्य को ग्राम पंचायत की आगामी कार्ययोजना में रखा जाएगा। जांच अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नाली निर्माण की मांग उचित है तथा धनराशि उपलब्ध होने पर कार्य कराया जाएगा। फिर भी चार बार शिकायतों और जांच रिपोर्टों के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम प्रधान गाँव के दूसरे टोले में रहते हैं इसलिए उनको गाँव के इस टोले की परेशानियों से बहुत सरोकार नहीं है। शिकायतकर्ता का कहना है कि हर बार प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई दिखाई नहीं देती। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द नाली निर्माण कराकर जलभराव और आवागमन की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।