Maharajganj News : मुहर्रम पर हाई अलर्ट: 3051 ताजिए होंगे दफन, CCTV की निगरानी में रहेगा हर जुलूस
26-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। मुहर्रम के अवसर पर जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शुक्रवार को 3051 ताजिए कर्बला में दफन होंगे। साथ ही मुहर्रम के सभी जुलूस सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगे।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा की दृष्टि से जिले को चार जोन तथा और 19 सेक्टर में बांटा गया है। चारों जोन के लिए जोनल मजिस्ट्रेट की दो सदस्यीय टीम तथा 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट की टीम लगाई गई है। इसके अलावा 24 क्विक रिस्पांस टीम बनाई गई है। 38 संवेदनशील स्थान चिह्नित किए गए हैं। मोहर्रम के मद्देनजर जिला, तहसील से लेकर थाना स्तर पर शांति समिति तथा धर्म गुरुओं के साथ बैठक भी की जा चुकी है।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि मुहर्रम शांति पूर्वक माहौल में सम्पन्न हो सके इसके लिए जिला प्रशासन ने हर संभव तैयारी कर ली है। सभी जोनल, सेक्टर तथा सब-सेक्टर टीम में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि भ्रमणशील रह कर कानून-शांति व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करें। सभी थाना प्रभारी अपने अपने क्षेत्र में पोस्टर पार्टी को सक्रिय रखें जो सभी धार्मिक स्थलों को चेक करें कि कहीं कोई आपत्तिजनक पोस्टर या वस्तु तो नहीं लगाई है जिससे अशांति फैले।
इस संबंध में एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मुहर्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। जगह-जगह पुलिस तैनात रहेगी। उपद्रवियों पर नजर रहेगी।