Maharajganj News : नगर पालिका बोर्ड बैठक में लिए गए बड़े फैसले, शहर के विकास को मिली नई दिशा
26-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक बृहस्पतिवार को पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की शुरुआत नव मनोनीत सदस्यों के स्वागत और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद प्रधान लिपिक बैकुंठनाथ यादव ने अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार की उपस्थिति में पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जिसकी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पुष्टि की।
बैठक में मुख्य चौराहे से बलिया नाला तक ह्यूम पाइप डलवाने का निर्णय लिया गया। वार्ड संख्या 14 के सभासद अमितेश गुप्ता ने जलकल आवास के सामने स्थित पोखरी की सफाई कराने का प्रस्ताव रखा। वहीं वार्ड संख्या 9 के सभासद ऋषिकेश पटेल ने आबादी से दूर गैस आपूर्ति केंद्र के लिए स्थान चिह्नित करने की मांग की।
सभासद डॉ. सिद्धार्थनाथ शुक्ल ने निजी पशुओं की मृत्यु होने पर एक हजार रुपये शुल्क लेकर उनके दफनाने की व्यवस्था करने तथा आवारा पशुओं को इस शुल्क से मुक्त रखने का प्रस्ताव रखा। अमितेश गुप्ता ने निर्माणाधीन मियावाकी पार्क का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रखने का सुझाव दिया।
इसके अलावा सभासद राणा पटेल ने गोशाला के पीछे स्नानघर एवं कर्मकांड के लिए शौचालय निर्माण कराने तथा बृजेन्द्र पटेल ने मंगलवारी बाजार में एक वाटर एटीएम स्थापित कराने का प्रस्ताव रखा।
बैठक में सभासद दीपक, सुराती देवी, जितेंद्र कुमार, राजेंद्र गौतम, ऋषिकेश पटेल, रीनू, अमितेश कुमार गुप्ता, बृजेन्द्र पटेल, राहुल पाण्डेय, सदरे आलम, राणा पटेल, रहमतुन निशा, लालजी गुप्ता, डॉ. सिद्धार्थनाथ शुक्ल, गोरख गुप्ता, प्रमिला, मुरारी लाल निगम, जगदीश निषाद, अभय जायसवाल, राजीव द्विवेदी सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।