Maharajganj News : कमरे का दरवाजा बंद हुआ और फिर...वायरल वीडियो के बाद हरकत में पुलिस

    26-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। सोनौली थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार देर रात कथित प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। एक घर के बंद कमरे में दो युवकों की पिटाई का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

गुरुवार की रात एक घर में मौजूद तथाकथित प्रेमी जोड़े की बंद कमरे में जमकर पिटाई किए जाने का एक वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमले में सरगर्मियां बढ़ गई हैं। प्रेमी युवक के साथ मौजूद दूसरे युवक की भी जमकर पिटाई हो गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों युवक पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे एक युवती से मिलने उसके रिश्तेदार के घर पहुंचे थे। कुछ ही देर बाद घर के लोगों को इसकी जानकारी हो गई, जिसके बाद मौके पर विवाद शुरू हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और मारपीट में घायल दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि आपन महराजगंज नहीं करता है।

दोनों युवक गांव में जिस युवती से मिलने आए थे, वह भी पुरंदरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह अपने एक रिश्तेदार के घर आई हुई थी। मामला तथाकथित प्रेम संबंधों से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिस दौरान दोनों युवक घर में दाखिल हुए उससे कुछ ही देर बाद घर के कुछ सदस्यों के इसकी जानकारी हो गई। इसके बाद लोग कमरे में दाखिल हो गए और विवाद शुरू हुआ।

इस दौरान कमरे को बंद कर दिया गया। प्रेमी जोड़े की बेरहमी से पिटाई शुरू हो गई। युवती को तो कुछ घर वालों ने बचाने का प्रयास किया, जबकि प्रेमी युवक के साथ मौजूद दूसरे युवक की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। दोनों युवक मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर शराबा बढ़ता देख ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। गांव में हंगामा जैसा माहौल उत्पन्न हो गया। तरह-तरह की चर्चाएं लोगों ने शुरू कर दी।

इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शुक्रवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

वहीं, पुलिस ने घायल दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।

सोनौली कोतवाल महेंद्र मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायल दोनों युवकों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।