Maharajganj News : 950 लीटर डीजल बरामदगी में बड़ा एक्शन, जांच में मिली खामियां तो डीलर पर कार्रवाई
26-Jun-2026
Total Views |
ठूठीबारी। नेपाल सीमा से सटे लक्ष्मीपुर खुर्द गांव में 17 जून को एक घर से 950 लीटर डीजल बरामद होने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गौरतलब है कि लक्ष्मीपुर खुर्द में 17 जून को एक घर में आठ ड्रम में रखा 950 लीटर डीजल बरामद हुआ था। बरामद डीजल की जांच निचलौल सप्लाई इंस्पेक्टर कर रहे थे। जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद संबंधित पेटी डीलर का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
निचलौल तहसील प्रशासन को मुखबिर से 17 जून की शाम सूचना मिली थी कि ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के नेपाल बाॅर्डर से सटे लक्ष्मीपुर खुर्द के एक घर में भारी मात्रा में ड्रम में डीजल रखा गया है। रात में उसे बॉर्डर पार नेपाल भेज दिया जाएगा। सूचना मिलते ही निचलौल नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल कानूनगो मनीष पटेल लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष कुमार तिवारी मौके पर जांच किया तो घर में ड्रम में रखा डीजल बरामद हुआ।
दुकानदार ने लाइसेंस दिखाया तो पता चला कि लाइसेंस धारक कोई और है। सप्लाई इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच में पाई गई कमियों के आधार पर संबंधित पेटी डीलर लल्लन प्रसाद गुप्ता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उन्हें 15 दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया गया है।